August 19, 2026

VPHEP टनल हादसा: 18 अगस्त को पूरा हुआ रेस्क्यू अभियान, सभी लापता श्रमिकों के शव बरामद

Tunnel

चमोली। विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (VPHEP) के टेल रेस टनल (TRT) में 13 अगस्त 2026 को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव के लिए चलाया जा रहा अभियान 18 अगस्त को पूरा हो गया। अभियान के दौरान सभी तीन लापता श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

दुर्घटना के समय टनल में मुख्य कार्यदायी संस्था HCC द्वारा नियुक्त कुल 22 श्रमिक मौजूद थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जबकि हादसे में सात श्रमिकों की मौत हो गई थी और तीन श्रमिक लापता थे।

रेस्क्यू अभियान के दौरान 15 अगस्त को एक लापता श्रमिक का शव बरामद किया गया था। इसके बाद 18 अगस्त को शेष दो लापता श्रमिकों के शव भी बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही हादसे के बाद लापता सभी श्रमिकों की तलाश पूरी हो गई और रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।

NDRF-SDRF समेत कई एजेंसियों ने चलाया अभियान

हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। NDRF, SDRF, CISF, जिला प्रशासन, THDCIL और HCC की संयुक्त टीमों ने दिन-रात अभियान चलाया। टनल से पानी निकालने, मलबा हटाने और खोज एवं बचाव दलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए लगातार आवश्यक संसाधनों और उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।

अभियान के दौरान टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा।

प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है THDCIL

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। निगम ने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। घायल श्रमिकों के समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता भी सुनिश्चित की जा रही है।

THDCIL ने राहत एवं बचाव अभियान में जुटी सभी एजेंसियों, बचाव दलों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। हादसे के बाद करीब पांच दिन तक चले अभियान में लगातार प्रयासों के बाद सभी लापता श्रमिकों के शव बरामद होने के साथ ही खोज एवं बचाव अभियान अब समाप्त हो गया है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.