August 22, 2026

कोटद्वार में लखपति दीदी सम्मेलन, ऋतु खण्डूडी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

Kotdwar

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से कोटद्वार विधानसभा में “लखपति दीदी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को लेकर चर्चा की गई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “लखपति दीदी” अभियान महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ उन्हें स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति अपनी मेहनत, साहस और संघर्ष के लिए पहचानी जाती है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ रही हैं। जब महिला आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती है तो इससे केवल उसका परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा समाज मजबूत होता है।

महिलाओं को प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने पर जोर

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा की मातृशक्ति में अपार क्षमता है। महिलाओं को उनके हुनर के अनुसार प्रशिक्षण, बाजार और उचित अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने हुनर को स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि एक महिला की सफलता दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बन सकती है। इसलिए सभी महिलाओं को स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि “लखपति दीदी” का संकल्प केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन से जुड़ा अभियान है। उन्होंने महिलाओं से इस अभियान से जुड़कर अपने परिवार और समाज को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.