पटेल नगर फायरिंग के विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका
देहरादून के पटेल नगर में 20 अगस्त की शाम आपसी विवाद के बाद हुई खुलेआम फायरिंग की घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सियासत गरमा गई है। घटना और प्रदेश में सामने आ रही अन्य आपराधिक घटनाओं के विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा सड़कों पर उतर आया। देर रात लालपुल क्षेत्र में उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
इस दौरान कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
ज्योति रौतेला ने दावा किया कि साल की शुरुआत से फरवरी माह तक केवल देहरादून में 13 हत्याएं हो चुकी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे प्रदेशों के वांछित अपराधी भी उत्तराखंड में शरण ले रहे हैं। उनका कहना था कि पटेल नगर की फायरिंग की घटना से पहले रायपुर में भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी।
अपराधियों के सत्यापन और वाहनों की चेकिंग की मांग
कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि दूसरे राज्यों से आकर उत्तराखंड में रह रहे लोगों का सत्यापन और संदिग्ध लोगों की निगरानी बढ़ाई जाए। इसके साथ ही वाहनों की नियमित और सघन चेकिंग किए जाने की भी मांग की गई।
उन्होंने कहा कि सरकार को कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता से कदम उठाने होंगे, ताकि प्रदेश अपराधियों की शरणस्थली न बन सके। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
कांग्रेस महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी आगे भी सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी।
ज्योति रौतेला, प्रदेश अध्यक्षा, महिला मोर्चा कांग्रेस।
