August 25, 2026

ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक में 21 शराबी वाहन चालक गिरफ्तार, 700 से अधिक वाहनों की चेकिंग

Operation Night Strike

शहर में हुड़दंगियों और अराजक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक चलाया। एसएसपी के निर्देश पर 24 अगस्त की रात शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अचानक चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान 700 से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई, जबकि 900 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। इसके अलावा काले शीशे और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहनों को भी सीज किया गया।

पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत 53 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 32,500 रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, 47 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। रात के समय अनावश्यक रूप से घूम रहे 57 संदिग्ध लोगों को थाने लाकर पूछताछ की गई।

अभियान के दौरान 84 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 21,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने बताया कि शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने वाले तत्वों और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दून पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, एसएसपी देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.