खन्स्युं में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने वाला आरोपी काठगोदाम से गिरफ्तार
नैनीताल। जिले के दूरस्थ क्षेत्र खन्स्युं में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भीम सिंह ने 21 अगस्त को अपने चार बच्चों की मौजूदगी में पत्नी पर डंडों से बेरहमी से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बच्चों को डराने-धमकाने के बाद घर से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद रात में घर पर ही सोया और अगले दिन सुबह अपने चारों बच्चों को धमकाकर घटना के संबंध में किसी को कुछ नहीं बताने की बात कही। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। मामले में मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर थाना खन्स्युं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और आरोपी की तलाश के बाद उसे काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम
