रामनगर में स्कूल चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
रामनगर कोतवाली पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व ग्राम कानिया स्थित स्कूल में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कूल से चोरी किया गया सामान और नकदी भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में चोरी और हत्या के प्रयास के पांच-पांच मुकदमे पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।
घटना का खुलासा करते हुए कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि 19 अगस्त को ग्राम कानिया स्थित एक स्कूल का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लैपटॉप चार्जर और कुछ नकदी चोरी कर ले गए थे। इसी गांव में चोरों ने अन्य घरों के ताले भी तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वहां से सामान चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
स्कूल में हुई चोरी के संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम चोरी के आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संदीप कुमार निवासी देवलचौड़, हल्द्वानी और उज्ज्वल सिंह परगाई निवासी जीतपुर नेगी, देवलचौड़, हल्द्वानी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कूल से चोरी किया गया लैपटॉप चार्जर, काले रंग का बैग और ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किया। इसके अलावा आरोपियों के पास से 6 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई।
कोतवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
