पछवादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो नशा तस्कर गिरफ्तार; स्मैक बरामद
विकासनगर। पछवादून क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवती और ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर शामिल है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 18.45 ग्राम स्मैक बरामद करने का दावा किया है।
विकासनगर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कुंजा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवती को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.7 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
वहीं, सेलाकुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर जब्बार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके पास से 8.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि जब्बार ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नशा तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
