ऋषिकेश में महिलाओं को एआई और साइबर अपराधों से बचाव की दी जाएगी जानकारी
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग के तत्वावधान में महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर फ्रॉड और महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश स्थित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में आयोजित होगा।
राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव उर्वशी चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ साइबर अपराधों से बचने के उपायों के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में भी जानकारी साझा करेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, व्यवसाय और कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न एआई टूल्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल की व्यावहारिक जानकारी मिल सके।
राज्य महिला आयोग की ओर से छात्राओं, महिलाओं और आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। आयोग का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क करना है।
