खटीमा को मिली विकास की नई सौगात, सीएम धामी ने सिटी पार्क का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने खटीमा दौरे के दौरान पीलीभीत रोड स्थित सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का लोकार्पण कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। तराई पूर्वी वन प्रभाग द्वारा निर्मित इस विशाल पार्क को मुख्यमंत्री धामी की पहल पर विकसित किया गया है। पार्क के निर्माण का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर हरित वातावरण और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन पार्क को क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण के साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने खटीमा के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा में स्टेडियम और सर्किट हाउस के निर्माण की घोषणा की। साथ ही सिटी पार्क के विस्तारीकरण की बात भी कही, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में नैनीताल सांसद अजय भट्ट सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद स्थानीय लोगों ने पार्क को क्षेत्र के लिए उपयोगी और महत्वपूर्ण सौगात बताया।
