15 सितंबर से शुरू होगा देहरादून को गड्ढामुक्त करने का अभियान, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए 40 टीमें तैनात
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जिले में सड़कों और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट समयसीमा के साथ जिम्मेदारी सौंपी है। मानसून अवधि समाप्त होते ही 15 सितंबर से जिलेभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा।
30 अक्टूबर तक सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
मानसून की समाप्ति के बाद 15 सितंबर से जिलेभर में सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होगा। निर्माणदायी एजेंसियां अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का सर्वेक्षण पूरा कर चुकी हैं और टेंडर प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को 30 अक्टूबर 2026 से पहले जिले की सभी सड़कों को पूर्णतः गड्ढामुक्त और सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं।
स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए 40 टीमें
शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम देहरादून ने भी विशेष अभियान चलाया है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 1,14,171 स्ट्रीट लाइटें हैं, जिनमें से 169 खराब स्ट्रीट लाइटों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनके तत्काल निस्तारण के लिए नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में 40 विशेष टीमें तैनात की हैं।
टीमें अपने निर्धारित क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर खराब लाइटों की मरम्मत कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें बदला भी जा रहा है। मंगलवार को मसूरी डायवर्जन, बड़ोवाला, सर्वे ऑफ इंडिया कैंपस, कमला पैलेस से शिमला बाईपास, हरिद्वार बाईपास, सहस्रधारा क्रॉसिंग से आईटी पार्क रोड, आईएसबीटी-निरंजनपुर, दर्शनलाल चौक, सुभाष रोड-रेसकोर्स और फव्वारा चौक-नेहरू कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया।
रात में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण
व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति की निगरानी और समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 20-20 जिला स्तरीय अधिकारियों की अलग-अलग टास्क फोर्स गठित की है। ये टास्क फोर्स स्ट्रीट लाइट, गार्बेज प्वाइंट, मोटर मार्ग, फूड सेफ्टी और विद्युत चोरी की रोकथाम जैसे विषयों पर काम कर रही हैं।
टास्क फोर्स के अधिकारी रात में भी फील्ड विजिट कर सड़कों, स्ट्रीट लाइटों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। मौके पर खराब व्यवस्था मिलने पर उसकी गूगल लोकेशन और फोटो तत्काल संबंधित विभाग को भेजी जा रही है, ताकि समस्या के समाधान में अनावश्यक देरी न हो।
दैनिक निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर चिह्नित समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निस्तारण कराया जा रहा है। प्रशासन की दिन में सड़क मरम्मत और रात में व्यवस्थाओं की निगरानी की दोहरी रणनीति से देहरादून में यातायात और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है।
