मिशन-2027: भाजपा का 23 हारी सीटों पर फोकस, बूथ मजबूत करने के लिए संगठनात्मक प्रवास शुरू
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2022 में हारी गई 23 विधानसभा सीटों पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। इन सीटों पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पिछली कमियों को दूर करने के लिए पार्टी की ओर से संगठनात्मक प्रवास कार्यक्रम चलाया जा रहा है। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के बाद इस अभियान को और गति मिली है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने वर्ष 2022 में हारी हुई 23 सीटों पर जीत के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बूथ संगठन को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी इन विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान पार्टी के नेता पूर्व कार्यकर्ताओं, प्रमुख नेताओं और वर्तमान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और बूथ स्तर की कमियों की जानकारी ली जाएगी। पार्टी का प्रयास संवादहीनता को दूर कर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का है।
हारी सीटों पर बूथ से लेकर विधानसभा तक मंथन
भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जिन 23 सीटों पर हार का सामना किया था, वहां चुनाव से काफी पहले ही संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की रणनीति में सीटवार समीक्षा, वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया जा रहा है।
नितिन नवीन के हालिया कुमाऊं दौरे के दौरान भी कमजोर और पिछली बार हारी सीटों को लेकर संगठन से फीडबैक लेने तथा सीटवार रणनीति पर चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर जोर
दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम करना है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होने से चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी। पार्टी नेतृत्व इन 23 विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय स्तर की समस्याओं और संगठनात्मक चुनौतियों को समझकर उन्हें दूर करने पर भी जोर दे रहा है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 70 में से 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि 23 सीटों पर उसे हार मिली थी।
दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री, भाजपा
