September 22, 2026

आईआईटी रुड़की दीक्षांत समारोह 2026 का समापन, 1,424 छात्रों को मिली डिग्री; रिकॉर्ड 518 पीएचडी उपाधियां

Degree

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT Roorkee) के दो दिवसीय दीक्षांत समारोह 2026 का समापन हो गया। समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस दौरान उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में छात्रों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन कुल 1,424 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी/पीएचडी ड्यूल और तीन एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल हैं।

आईआईटी रुड़की के इतिहास में पहली बार 518 पीएचडी डिग्रियां

दीक्षांत समारोह का सबसे प्रमुख आकर्षण 518 पीएचडी डिग्रियों का प्रदान किया जाना रहा। संस्थान के अनुसार, यह आईआईटी रुड़की के इतिहास में एक दीक्षांत समारोह में प्रदान की गई पीएचडी डिग्रियों की सर्वाधिक संख्या है। इनमें 172 महिला शोधार्थी शामिल हैं।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि 518 पीएचडी उपाधियों का प्रदान किया जाना संस्थान के शोध तंत्र की मजबूती और व्यापकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शोधार्थियों की अकादमिक यात्राएं गहन ज्ञान की खोज और नई संभावनाओं के सृजन का प्रतिनिधित्व करती हैं।

पहली बार एमएस बाय रिसर्च की डिग्री

संस्थान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP 2020) के प्रावधानों के तहत पहली बार डॉक्टोरल कार्यक्रम से बाहर होने वाले छात्रों को एमएस बाय रिसर्च की डिग्री प्रदान की। इस श्रेणी में तीन छात्रों को डिग्री मिली।

903 स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों में एम.आर्क., एम.टेक., एम.एससी., एमयूआरपी, एमबीए, पीजी डिप्लोमा, ई-एमबीए और एम.डिजाइन समेत विभिन्न कार्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल रहे।

71 पुरस्कार और पदक प्रदान किए गए

दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल छात्रों को कुल 71 पुरस्कार और पदक प्रदान किए गए, जिनमें 33 पदक शामिल हैं। इनमें चार पुरस्कार और 19 पदक संस्थान की ओर से स्थापित किए गए थे, जबकि 34 पुरस्कार और 14 पदक दानदाताओं द्वारा प्रायोजित थे।

डॉक्टोरल शोध के क्षेत्र में डॉ. सुशील शर्मा एक्सीलेंस इन डॉक्टोरल रिसर्च अवॉर्ड समेत विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं ए.के. गोयल ग्रीन एनर्जी प्राइज एंड गोल्ड मेडल पीएचडी वाटर रिसोर्स डेवलपमेंट एंड मैनेजमेंट के विद्यसागर तुम्माकुरी को प्रदान किया गया।

हर्षवर्धन छिताले रहे मुख्य अतिथि

समारोह में हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन छिताले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग सम्मानित अतिथि रहे।

हर्षवर्धन छिताले ने कहा कि तकनीक और उद्योग की दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे में लगातार सीखने, नवाचार करने और ज्ञान को उपयोगी समाधानों में बदलने की क्षमता आने वाली पीढ़ी के पेशेवरों और शोधकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण होगी।

दो दिनों में 2,701 डिग्रियां प्रदान

आईआईटी रुड़की के अनुसार, दो दिवसीय दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान ने कुल 2,701 डिग्रियां प्रदान कीं। इनमें 1,277 स्नातक, 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी और तीन एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल हैं।

आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन एडवोकेट हरीश साल्वे ने स्नातकोत्तर और शोधार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ज्ञान की खोज डिग्री प्राप्त करने के साथ समाप्त नहीं होती, बल्कि यह नए सवालों और नई संभावनाओं के द्वार खोलती है।

संस्थान के उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार और डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी ने भी सभी डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी। समारोह के समापन के साथ आईआईटी रुड़की ने शोध, नवाचार और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को रेखांकित किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.