कर्णप्रयाग पहुंचीं मंत्री रेखा आर्या, ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या सोमवार को चमोली जिले के कर्णप्रयाग स्थित ब्लॉक सभागार पहुंचीं। जनपद आगमन पर कैबिनेट मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने ‘सेवा सप्ताह’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों और जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी मंत्री को दी। अधिकारियों ने बताया कि चमोली जिले में कुल 1,078 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम जिले के सभी 9 ब्लॉकों में आयोजित किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जाना है। ऐसे में कार्यक्रम से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की पोषित योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। चूंकि वर्तमान में ‘पोषण माह’ भी मनाया जा रहा है, इसलिए इस दौरान पोषण संबंधी जागरूकता के साथ लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
‘आंगनबाड़ी बहनें विभाग की रीढ़’
कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी बहनें केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि विभाग की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं और विभागीय योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रेखा आर्या ने सफाई वाहनों को दिखाई हरी झंडी
कर्णप्रयाग दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नगर पालिका कर्णप्रयाग के सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सफाई वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ ही नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
