लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जेल अधीक्षक को धमकी, आरोपी गिरफ्तार; तमंचा और कारतूस बरामद
हरिद्वार। जिला जेल रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले में सिडकुल थाना पुलिस ने आरोपी हिमांशु चोढा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जेल अधीक्षक को फोन पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे थे। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पत्नी से मुलाकात को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी जेल में बंद एक आरोपी से मुलाकात करने पहुंची थी। मुलाकात को लेकर हुई रोक-टोक से नाराज होकर हिमांशु ने जेल अधीक्षक को धमकी भरे मैसेज भेजे। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने लुधियाना से नए मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए जेल अधीक्षक को मैसेज किए थे।
मुकदमे की जानकारी मिलते ही लुधियाना से पहुंचा हरिद्वार
पुलिस के मुताबिक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा। बताया गया कि वह जेल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिडकुल थाना पुलिस और CIU की टीम ने सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। तमंचा बरामद होने के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की संबंधित धारा भी बढ़ा दी है।
पत्नी की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की पत्नी की भूमिका समेत धमकी भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार
