October 1, 2026

देहरादून में BJP पार्षद के घर सनसनीखेज वारदात, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को किया बेहोश

Dehradun

बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास नगर निगम की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई वारदात से हड़कंप मच गया। आरोप है कि घरेलू सहायक ने रात के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए। इसी दौरान आरोपी घर से सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले पार्षद के परिवार ने दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए रखा था। आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए।

आरोप है कि परिवार के सदस्यों के बेहोश होने का फायदा उठाकर घरेलू सहायक घर में रखे सोने के आभूषण लेकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्यों को होश आया तो उन्हें घर में हुई वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटना में पार्षद अमिता सिंह की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घरेलू सहायक की पहचान और उसके संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटना के दौरान घर से गायब हुए सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल किए गए नशीले पदार्थ के संबंध में भी जांच की जा रही है।

एसपी सिटी देहरादून शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार घरेलू सहायक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी देहरादून

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.