उत्तराखंड में मानसून की विदाई करीब, अगले दो दिन पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार
उत्तराखंड में मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। सामान्य तौर पर उत्तराखंड से मानसून की विदाई 25 से 30 सितंबर के बीच होती है। ऐसे में अब मानसून के जल्द विदा होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश का असर सीमित रहने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के पर्वतीय जिलों पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं।
तीन दिन शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के बाद करीब तीन दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 5 और 6 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे का असर
मानसून की विदाई के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में सुबह के वक्त कोहरे का असर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सुबह और रात के तापमान में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
डॉ. सीएस तोमर, मौसम वैज्ञानिक
