तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद, मारपीट में छह घायल; वीडियो वायरल
कोतवाली पिरान कलियर की धनौरी चौकी क्षेत्र के कोटा मुरादनगर गांव में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में छह लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित रजत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह उनके पिता धूम सिंह सड़क से जा रहे थे। इसी दौरान गांव का सचिन तेज रफ्तार बाइक से आया और गलत दिशा में जाकर उनके पिता को टक्कर मार दी। हादसे में धूम सिंह घायल हो गए।
आरोप है कि टक्कर का विरोध करने पर सचिन ने अपने भाई सोहित, रोहित, गुलाब और सोलांकी के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी गाली-गलौज की गई और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला किया गया।
वायरल वीडियो
मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से छह लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के दौरान मंगलसूत्र और सोने की कान की बाली गिरकर गुम होने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा जान से मारने की धमकी देने की बात भी तहरीर में कही गई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।