देहरादून पहुंचे भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव, 2027 चुनाव को लेकर संगठन पदाधिकारियों संग की बैठक
भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज आज देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश प्रभारी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की बैठक ली।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा की गई।
बांसुरी स्वराज ने कहा- परिचयात्मक बैठक हुई
सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की यह पहली बैठक थी, जिसमें परिचयात्मक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियां कर रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव ने भी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा की। पार्टी नेतृत्व की ओर से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने पर जोर दिया गया।
प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री
बांसुरी स्वराज, सह प्रभारी भाजपा
