October 6, 2026

हरीश रावत की यात्रा पर कांग्रेस में घमासान, भाजपा ने साधा निशाना; महेंद्र भट्ट बोले- ‘अब संन्यास ले लेना चाहिए’

Harish Rawat

उत्तराखंड कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। संगठन की सहमति के बिना यात्रा निकाले जाने को लेकर कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल रोकने को कहा है। वहीं कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने हरीश रावत को दिल्ली तलब किया है।

कांग्रेस के भीतर चल रहे इस घटनाक्रम पर भाजपा ने भी निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भाजपा पहले से ही कहती रही है और अब पार्टी प्रभारी की आपत्ति ने इस बात पर मुहर लगा दी है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस में फिलहाल दो खेमे साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। एक खेमा गणेश गोदियाल का है, जबकि दूसरा हरीश रावत का। उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे, कांग्रेस के भीतर और भी खेमे सामने आएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हरीश रावत पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अब उनका सम्मान नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश संगठन के विरोध के चलते कांग्रेस प्रभारी को भी हरीश रावत की यात्रा पर दबाव बनाना पड़ रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए हरीश रावत को अब राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद को पार्टी की अंदरूनी खींचतान का परिणाम बताया।

कांग्रेस में यात्रा को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने उत्तराखंड की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर सामने आ रही खेमेबाजी को लेकर भाजपा लगातार हमलावर है।

महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.