उत्तरकाशी में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जनपद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान काशी विश्वनाथ और मां शक्ति से प्रदेश की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से भी विशेष पूजा-अर्चना की।
मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ऐतिहासिक रामलीला मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित विशाल ‘सेवा संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नई दिल्ली से आयोजित विशेष कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐतिहासिक रामलीला मैदान उत्तरकाशी की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के महासंगम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले ढाई दशक में सेवा को अपने जीवन का मिशन और संकल्प बनाया है।
‘सरकार अब लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश का हर नागरिक महसूस कर रहा है कि सरकार उसके जीवन को आसान बनाने के लिए काम कर रही है। जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ मूलमंत्र रहा है। शासन को सरकारी कार्यालयों और फाइलों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि सरकार लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही है। लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं और समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ की भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इस विजन को पूरा करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ में रेल, उद्योग, रोजगार और पर्यटन के विस्तार के साथ पलायन रोकने के प्रयास भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
‘उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ी’
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल की संख्या में 25 प्रतिशत और होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश में तीन लाख से अधिक माताएं और बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्थानीय उत्पादों की मांग उत्तराखंड के साथ देशभर में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है और लगातार चार वर्षों से प्रदेश को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली अवॉर्ड मिल रहा है। उन्होंने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
चारधाम यात्रा ने तोड़े रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों से चारधाम यात्रा सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित हो रही है। इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है।
उत्तरकाशी में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें 26 योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 24 योजनाओं पर काम चल रहा है।
UCC से नकल विरोधी कानून तक गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला पहला राज्य बना। इसके अलावा धर्मांतरण कानून, दंगा रोधी कानून और भू-कानून समेत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।
विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण का परीक्षण कराने की बात कही। वहीं भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर भारत सरकार को पत्र भेजे जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने डोडी ताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड बुग्याल को मानचित्र पर निर्धारित करने और इनके सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गाजणा के स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की यह गंगा इसी तरह निरंतर बहती रहेगी। उन्होंने लोगों से विकसित भारत के संकल्प को अपने कर्तव्यों और दायित्वों में उतारने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी
