October 8, 2026

पिटकुल में पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ, आदेश जारी

Order

जन संघर्ष मोर्चा के प्रयासों के बाद पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के आदेश जारी हो गए हैं। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने इसके लिए प्रमुख सचिव, ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम और पिटकुल के एमडी प्रकाश ध्यानी का आभार जताया है।

नेगी ने बताया कि मोर्चा की ओर से कुछ समय पूर्व प्रमुख सचिव, ऊर्जा और पिटकुल के एमडी से मुलाकात कर उपनल के माध्यम से पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की मांग उठाई गई थी। इसके बाद इस दिशा में आदेश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि उपनल कर्मचारियों से संबंधित जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य व अन्य में उच्च न्यायालय ने उपनल के माध्यम से कार्यरत एवं प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए थे।

नेगी के अनुसार, उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में शासन ने 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए थे। अधिकांश विभागों और निगमों ने इन निर्देशों का अनुपालन कर लिया था, लेकिन पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था।

उन्होंने कहा कि मोर्चा ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए शासन और पिटकुल प्रबंधन के समक्ष पूर्व सैनिकों की मांग रखी। अब आदेश जारी होने के बाद पूर्व सैनिकों को इसका लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

नेगी ने उम्मीद जताई कि जल विद्युत निगम में कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी जल्द ही समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा इस मांग को लेकर भी लगातार प्रयासरत रहेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.