October 8, 2026

भाजपा ने तय किया ‘60 पार’ का लक्ष्य, राम माधव बोले- तीसरी बार सरकार के लिए जुटें कार्यकर्ता

Ram Madhav

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कार्यकर्ताओं के सामने ‘तीसरी बार, 60 पार’ का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों के साथ अब राजनीतिक स्तर पर भी सक्रिय होकर जनता के बीच पहुंचने का आह्वान किया।

राम माधव ने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता के आशीर्वाद पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विकास और जनकल्याण के कार्यों तथा उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। भाजपा प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया।

राम माधव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल पूर्ण बहुमत हासिल करना नहीं, बल्कि 60 से अधिक सीटों के साथ सबसे बड़ा बहुमत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बना चुकी है और उत्तराखंड को भी इस सूची में शामिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी महीनों में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ राजनीतिक संवाद पर भी विशेष जोर दिया जाए। सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का संदेश समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने के साथ बूथ स्तर पर संपर्क और संवाद को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

भाजपा की ओर से 2027 चुनाव के लिए ‘60 पार’ का लक्ष्य घोषित किए जाने के बाद पार्टी का फोकस अब बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर है।

राम माधव, प्रदेश प्रभारी, भाजपा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.