SIR के विरोध में देहरादून में INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में देहरादून में INDIA गठबंधन के विभिन्न दलों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस, CPI-ML, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में कांग्रेस और लाल झंडे लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे भी लगाए गए। विपक्षी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि SIR की प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय केंद्र सरकार के प्रभाव में कार्य कर रहा है।
‘ECI नहीं, ECB की तरह काम कर रहा चुनाव आयोग’
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए उसे ‘Election Commission of BJP’ (ECB) तक कह दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष SIR की प्रक्रिया को लेकर लगातार अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहा है और अब INDIA गठबंधन के आह्वान पर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और SIR की पूरी प्रक्रिया को निरस्त किया जाए। साथ ही उन्होंने SIR के बाद हुए चुनावों को दोबारा कराए जाने की मांग भी उठाई।
सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र और चुनाव आयोग को घेरा
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पूरा INDIA गठबंधन कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सड़क पर उतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।
धस्माना ने चुनाव आयोग पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष इस प्रक्रिया का विरोध करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक SIR वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के बाद प्रदर्शनकारियों ने SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी मांगों को दोहराया।
डाॅ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस
जसविंदर गोगी
सूर्यकान्त धस्माना, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस
