October 10, 2026

कैंचीधाम मार्ग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 100 टैक्सी बाइक सीज; 300 से ज्यादा के चालान

challan

कैंचीधाम मार्ग पर अवैध और नियम विरुद्ध तरीके से संचालित टैक्सी बाइकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुमाऊं कमिश्नर के निर्देशों के क्रम में भवाली से भीमताल और हल्द्वानी तक पुलिस ने अभियान चलाकर करीब 100 टैक्सी बाइकों को सीज कर दिया, जबकि 300 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के परमिट निरस्त करने की कार्रवाई भी की गई है। इसके साथ ही पांच चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।

कमिश्नर की बैठक के बाद तेज हुई कार्रवाई

कैंचीधाम और नैनीताल मार्ग पर टैक्सी बाइकों के संचालन में सामने आ रही अव्यवस्थाओं के बाद कुमाऊं कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

पुलिस का यह अभियान भवाली से भीमताल और हल्द्वानी तक चलाया गया। इसमें नियमों के विपरीत संचालित टैक्सी बाइकों को निशाने पर लिया गया। कार्रवाई के दौरान वाहनों को सीज करने के साथ ही चालान और परमिट संबंधी कार्रवाई भी की गई।

वीकेंड और छुट्टियों में भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान अभी शुरुआत है। आने वाले समय में वीकेंड और छुट्टियों के दौरान भी नियमित रूप से कार्रवाई की जाएगी। खासकर कैंचीधाम और नैनीताल आने वाले पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

एसपी सिटी यातायात जगदीश चंद्रा ने बताया कि नियम विरुद्ध संचालित टैक्सी बाइकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर अंकुश लगाना है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद टैक्सी बाइक संचालकों में हलचल है। अब देखना होगा कि आगामी वीकेंड और छुट्टियों में अभियान के तहत कितनी और कार्रवाई की जाती है।

जगदीश चंद्रा, एसपी सिटी यातायात।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.