देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित, नाम और पते की जांच की अपील
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision) की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इस संबंध में देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) का प्रकाशन कर दिया गया है। इस ड्राफ्ट सूची को लेकर आम नागरिकों से आगामी 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां (Claims and Objections) आमंत्रित की गई हैं। डॉ. आशीष चौहान ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रकाशित की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की भली-भांति जांच कर लें। यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से छूट गया है, या सूची में दर्ज नाम, पते अथवा किसी अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि या कमी रह गई है, तो वे निर्धारित समय सीमा यानी 11 दिसंबर तक अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, ताकि समय रहते उनका सुधार किया जा सके।
डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून
