कॉर्बेट के पर्यटन सीजन की तैयारियां तेज, पर्यटकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पर्यटन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जल्द ही संबंधित विभागों और सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं, मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी प्रशासन निगरानी कर रहा है।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि आगामी पर्यटन सीजन को व्यवस्थित बनाने के लिए कॉर्बेट प्रशासन, परिवहन विभाग, पुलिस और यातायात से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें स्थानीय बाजार के व्यापारियों, सफारी वाहन संचालकों और रिजॉर्ट संचालकों सहित सभी संबंधित पक्षों के सुझाव लिए जाएंगे। इसका उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
मानसून के बाद सड़कों की मरम्मत पर फोकस
डीएम ने कहा कि मानसून के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री की ओर से भी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से जुड़े मामलों में वह स्वयं संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे, ताकि निर्धारित प्रावधानों के तहत सड़क व्यवस्था को जल्द बेहतर बनाया जा सके।
बजट की जरूरत वाले मामलों में होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए बजट की आवश्यकता होगी, उनके लिए संबंधित मदों में धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सभी मुद्दों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन का फोकस आगामी पर्यटन सीजन से पहले आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने और स्थानीय पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने पर है।
ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी नैनीताल।
