October 13, 2026

देहरादून जिला कारागार में 44 महिला बंदियों के लिए ब्यूटी एवं ग्रूमिंग प्रशिक्षण सत्र आयोजित

जिला कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और पुनर्वास के नए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से विशेष पहल की गई। इसी क्रम में क्लाउड-9 यूनिसैक्स सैलून, देहरादून के सहयोग से जिला कारागार में 44 महिला बंदियों के लिए ब्यूटी एवं ग्रूमिंग स्किल्स प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान क्लाउड-9 की अधिकारी मिली थावानी के नेतृत्व में महिला बंदियों को हेयरकट, क्लीनअप, थ्रेडिंग, वैक्सिंग सहित विभिन्न सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य महिला बंदियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हेयर ग्रूमिंग, स्वयं की देखभाल और ब्यूटी एवं पर्सनल केयर से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।

यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के समन्वय से माननीय जिला न्यायाधीश श्री हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि कारागार में सुधार और पुनर्वास की अवधारणा केवल निरुद्ध व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समाज में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित होने के अवसर प्रदान करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिला बंदियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, स्वयं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ जीवन की नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित करते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला बंदियों की गरिमा, आत्मसम्मान और पुनर्वास को बढ़ावा देना है। ऐसे कार्यक्रम उन्हें यह विश्वास दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी रही हों, सकारात्मक बदलाव और बेहतर भविष्य की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, विधिक सेवा संस्थाओं का दायित्व जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके अधिकारों, मानवीय गरिमा और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित करना भी है। महिला बंदियों के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण सत्र इसी व्यापक उद्देश्य की दिशा में एक सार्थक कदम है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.