October 24, 2026

हरीश रावत के बयान पर भाजपा का पलटवार, कमलेश रमन बोले- उनसे बड़ा टुटकेबाज कौन?

Kamlesh Raman

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से भाजपा प्रवक्ताओं को ‘टुटकेबाज’ बताने और कांग्रेस के खिलाफ झूठा नैरेटिव फैलाने के आरोपों पर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा पर वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव झूठे नैरेटिव के दम पर जीतने का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस के 10 साल और भाजपा के 17 साल के कार्यकाल पर सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी। अब भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने पलटवार करते हुए हरीश रावत पर ही निशाना साधा है।

कमलेश रमन ने कहा कि हरीश रावत अब अपने नेताओं के पदचिह्नों पर चल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खरबूजे को देखकर खरबूजा रंग बदल रहा है। रमन ने सवाल उठाया कि हरीश रावत से बड़ा ‘टुटकेबाज’ कौन होगा, जिन्होंने वर्ष 2002 और 2012 में अपनी ही सरकार को तोड़ने का काम किया।

‘भाजपा प्रवक्ता सच बोल रहे हैं’

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता जो कुछ कह रहे हैं, वह सच है। उन्होंने हरीश रावत के कार्यकाल से जुड़े मुद्दे उठाते हुए जुमे की नमाज के लिए छुट्टी, मुस्लिम यूनिवर्सिटी की चर्चा और विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि इन मुद्दों को लेकर चर्चाएं किसके कार्यकाल में हुई थीं।

कमलेश रमन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए भाजपा प्रवक्ताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा करार दिया।

2027 के चुनाव से पहले जुबानी जंग तेज

हरीश रावत की ओर से भाजपा को कार्यकाल के आधार पर सार्वजनिक बहस की चुनौती दिए जाने के बाद दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस जहां भाजपा पर झूठे नैरेटिव के सहारे चुनाव जीतने का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल और उनके राजनीतिक फैसलों पर सवाल खड़े किए हैं। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले दोनों दलों के बीच यह जुबानी जंग प्रदेश की सियासत में नए राजनीतिक टकराव का संकेत दे रही है।

 कमलेश रमन, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.