समरवैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा, मां ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
समरवैली स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर शुक्रवार को हंगामा हो गया। छात्रा की मां ने स्कूल के भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर करीब डेढ़ माह से बेटी को परेशान करने और अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया। मां का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उल्टा उनकी बेटी पर दबाव बनाकर मामला खत्म कराने का प्रयास किया। वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य सोनू कुंद्रा का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जांच की गई और 16 अक्टूबर को ही संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था।
15 अक्टूबर को दी थी लिखित शिकायत
छात्रा की मां के अनुसार, बेटी ने उन्हें बताया था कि शिक्षक उसके साथ अनुचित व्यवहार करता है और गलत तरीके से छूता है। मां का दावा है कि कक्षा की अन्य छात्राओं के साथ भी शिक्षक का व्यवहार इसी तरह का रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों के भविष्य और लोकलाज के कारण शुरुआत में शिकायत नहीं की थी।
मां के मुताबिक, 14 अक्टूबर को स्कूल पहुंचने में देर होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य कक्ष तक ले गया। इसके बाद बेटी से पूरी जानकारी मिलने पर वह 15 अक्टूबर को स्कूल पहुंचीं और प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी। उनके अनुसार, शिकायत पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर भी थे।
मां का कहना है कि उस समय प्रधानाचार्य ने छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने शिक्षक को नौकरी से हटाने की बात भी कही थी।
छात्रा पर दबाव बनाने का लगाया आरोप
छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि शिकायत के कुछ दिन बाद उनकी बेटी को प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाया गया, जहां स्कूल के निदेशक ने उसे ही झूठा ठहराने का प्रयास किया। मां के अनुसार, छात्रा से शिक्षक के व्यवहार को दोबारा बताने के लिए कहा गया और शिक्षक के बुजुर्ग होने का हवाला भी दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा को उसकी और उसके भाई की पढ़ाई प्रभावित होने का डर दिखाया गया। साथ ही, बीच सत्र में दूसरे स्कूल में दाखिला मिलने में परेशानी होने की बात कहकर दबाव बनाया गया। मां के अनुसार, उनकी बेटी एथलेटिक्स की कई स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुकी है।
मां ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को खत्म कराने के प्रयास में खेलों से जुड़े बाहरी लोगों को शामिल किया गया, जिससे स्कूल प्रबंधन और उनके बीच का मामला कई अन्य लोगों तक पहुंच गया।
छात्रा
शुक्रवार को स्कूल पहुंचीं छात्रा की मां
मां के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर वह शुक्रवार को स्कूल पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान स्कूल का गेट भीतर से बंद कर दिया गया और पुलिस को बुला लिया गया। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी दी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने शिकायत दिखाने से इनकार कर दिया।
छात्रा की मां ने मांग की है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और स्कूल प्रबंधन प्रार्थना सभा में सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने बताया कि वह शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखेंगी।
प्रधानाचार्य बोले- शिक्षक को कर दिया गया था निलंबित
स्कूल के प्रधानाचार्य सोनू कुंद्रा ने बताया कि इस प्रकरण में 15 अक्टूबर को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई और 16 अक्टूबर को ही संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था। प्रधानाचार्य ने कहा कि कार्रवाई किए जाने के बावजूद अब मामले को बिना वजह तूल दिया जा रहा है।
फिलहाल, छात्रा की मां और स्कूल प्रबंधन के आरोपों के बीच मामले को लेकर विवाद बना हुआ है। छात्रा की सुरक्षा और शिकायत की निष्पक्ष जांच के संबंध में संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
परमेंद्र डोबाल एसएसपी देहरादून
