एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, मसूरी-देहरादून में सात निर्माण सील
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मसूरी और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में सात निर्माणों को सील कर दिया। ये निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे थे। कार्रवाई के दायरे में होटल गोल्डन हैवन के निकट एक भवन, संस्कृति लोक कॉलोनी और टर्नर रोड क्षेत्र में किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण शामिल हैं। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
सात स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई
एमडीडीए से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मसूरी के घंटाघर रोड स्थित होटल गोल्डन हैवन के निकट जगमोहन अत्री द्वारा पूर्व निर्मित भवन में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया।
इसी क्रम में संस्कृति लोक कॉलोनी में नदीम अहमद और शहजाद द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील किया गया। कॉलोनी की लेन नंबर-1 में चौधरी द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर भी कार्रवाई की गई।
वहीं, टर्नर रोड क्षेत्र में सीलिंग अभियान चलाते हुए सी-12 टर्नर रोड स्थित बजाज डेयरी के पास सुमित द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। इसके अतिरिक्त ओगल भट्टा क्षेत्र में कमलेश तथा रुकसाना/इकबाल द्वारा किए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों को भी सील कर दिया गया।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। बिना अनुमति निर्माण करने अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में अनियोजित निर्माण पर अंकुश लगाना और सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। तेजी से बढ़ती आबादी और निर्माण गतिविधियों के बीच भवन निर्माण संबंधी नियमों का पालन कराना प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई: बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और भवन निर्माण के निर्धारित मानकों का पालन कराना प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माणों को नियमों से बाहर नहीं रखा जा सकता। इसी क्रम में मसूरी, संस्कृति लोक कॉलोनी और टर्नर रोड क्षेत्र में सात निर्माणों को सील किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मानकों के अनुरूप निर्माण पर जोर: मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बिना स्वीकृति व्यावसायिक निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने तथा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन स्वामियों, कारोबारियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और अनुमति अवश्य प्राप्त करें।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि शहर के सुनियोजित विकास और निर्माण संबंधी नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
