रामनगर की कोसी नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, 72 घंटे तक शिनाख्त के प्रयास करेगी पुलिस
नैनीताल जिले के रामनगर में गुरुवार को कोसी नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव देखकर स्थानीय बच्चों ने इसकी सूचना गांव पूछड़ी की मनोनीत ग्राम प्रधान अंजली रावत को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रामनगर कोतवाली पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर स्थानीय बच्चों ने कोसी नदी में एक व्यक्ति का शव देखा। इसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शुरुआती जांच में व्यक्ति की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। नियमानुसार अगले 72 घंटे तक मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, मनोनीत ग्राम प्रधान अंजली रावत ने बताया कि बच्चों ने सबसे पहले नदी में शव देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने मृतक की तस्वीर आसपास के लोगों को भी भेजी है, ताकि उसकी पहचान हो सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है।
अंजलि रावत
मनोनीत ग्राम प्रधान
