November 6, 2026

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी: गणेश जोशी

Ganesh Joshi

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल के वार्षिक खेल दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की आकर्षक परेड की सलामी ली और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री राजपुर स्थित न्यू स्कॉलर्स एकेडमी के 10वें वार्षिक उत्सव समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को वार्षिक उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी बेहद आवश्यक हैं। खेल न केवल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुरु-शिष्य की परंपरा धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही है। इस परंपरा को जीवंत बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ नैतिक शिक्षा और चरित्र निर्माण के संस्कार देना भी जरूरी है, ताकि वे एक अच्छे विद्यार्थी के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर व्यक्तित्व और मजबूत नैतिक मूल्यों से युक्त नागरिक बनाना भी है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.