लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और कला जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों कलाकारों को यह सम्मान प्रदान किया।
उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों विभूतियों को उत्तराखंडी सिनेमा और कला जगत में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वर्ष 2024 के लिए यह सम्मान प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को दिया गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को स्वर दिया है। उनके गीतों ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अभिनय के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। भारतीय फिल्म और मनोरंजन जगत में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है।
