विधानसभा चुनाव 2027: आवश्यक सेवाओं के कार्मिकों को डाक मतपत्र से मतदान की सुविधा मिलेगी
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों के मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में विभिन्न विभागों, कार्यालयों एवं उपक्रमों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में अधिसूचित किए जाने वाले विभागों और संस्थानों को लेकर चर्चा की गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर ड्यूटी में तैनात रहने वाले आवश्यक सेवाओं के कार्मिकों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र कार्मिकों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
डॉ. जोगदंडे ने कहा कि निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया में प्रत्येक कार्मिक की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएंगी।
