रुड़की के शेरपुर में भीषण अग्निकांड, चार घंटे में राख हुआ 26 साल का कारोबार
कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर में सोमवार देर रात राज टेंट हाउस में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से टेंट हाउस मालिक विश्वराज सैनी का 26 साल की मेहनत से खड़ा किया गया पूरा कारोबार कुछ ही घंटों में तबाह हो गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे टेंट हाउस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर में रखा टेंट, फर्नीचर और अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। आग इतनी भीषण थी कि लपटें आसपास के रिहायशी भवन तक पहुंच गईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मंगलौर और बहादराबाद से दमकल की तीन गाड़ियां आग बुझाने के लिए लगाई गईं। दमकलकर्मियों ने करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टेंट हाउस में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। लंबे समय से मेहनत कर कारोबार खड़ा करने वाले विश्वराज सैनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना के बाद दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दमकल गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी और छोटी गाड़ी भेजे जाने को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बड़ी दमकल गाड़ी पहुंचती तो शायद आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और लाखों रुपये का सामान बचाया जा सकता था।
वहीं, 26 वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार उजड़ने से पीड़ित परिवार सदमे में है। घटना के बाद क्षेत्र के लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और हरसंभव मदद का भरोसा दे रहे हैं। फिलहाल अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
