लालढांग रेंज से 5 हाथी दांत गायब, पूछताछ के लिए दो वन गुर्जर पकड़े तो चौकी पर हुआ हंगामा
लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज से पांच हाथी दांत गायब होने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। गायब हुए हाथी दांतों का कुल वजन 35 किलोग्राम से अधिक बताया जा रहा है। मामले में शक के आधार पर पूछताछ के लिए वन विभाग ने दो वन गुर्जरों को पकड़ा है। इस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को वन गुर्जर समाज के लोगों ने चिल्लरखाल स्थित वन विभाग की चौकी पर एकत्र होकर जमकर हंगामा किया और दोनों को छोड़ने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न रेंज कार्यालयों में जब्त और बरामद किए गए हाथी दांतों की जांच एवं गणना की जा रही थी। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को लालढांग रेंज के स्टोर में रखे हाथी दांतों की गणना की गई तो वहां से पांच हाथी दांत गायब मिले। इनका कुल वजन 35 किलोग्राम से अधिक बताया जा रहा है। हाथी दांतों की तस्करी की दृष्टि से यह मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
हाथी दांत गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की। इसी क्रम में शक के आधार पर दो वन गुर्जरों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। इसकी जानकारी मिलते ही वन गुर्जर समाज के लोग चिल्लरखाल वन चौकी पहुंच गए और विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों वन गुर्जरों को तत्काल छोड़ने की मांग की।
लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ तरुण एस ने बताया कि हाथी दांत चोरी होने के मामले में संदेह के आधार पर दोनों वन गुर्जरों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के तहत उनसे जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, वन गुर्जर समाज के लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी विभाग किसी मामले में घिरता है तो उसका ठीकरा वन गुर्जरों पर फोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के समाज के लोगों को निशाना बनाना गलत है। वन गुर्जर समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोनों वन गुर्जरों को नहीं छोड़ा गया तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
वन गुर्जर
वन गुर्जर
तरुण एस –डीएफओ,लैंसडौन वन प्रभाग
Reported By: Praveen bhardwaj
