November 12, 2026

रामनगर में अवैध पशु बाजार पर प्रशासन का छापा, 11 लोगों पर मुकदमा

Police

रामनगर में अवैध रूप से संचालित पशु बाजार और पशुओं के नियम विरुद्ध परिवहन का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहल्ला खताड़ी स्थित कुरैशी चौक में छापेमारी की। इस दौरान मौके से कई पशु, कुछ लोग और पशुओं को लाने में इस्तेमाल की जा रही पिकअप समेत अन्य वाहन बरामद किए गए। मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल की ओर से 11 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि रामनगर में अवैध रूप से पशु बाजार संचालित होने की शिकायत उन्हें स्थानीय स्तर के साथ-साथ कुमाऊं आयुक्त के माध्यम से भी मिली थी। आयुक्त की ओर से इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी नगर पालिका की जमीन पर संचालित पशु बाजार को कुमाऊं आयुक्त ने नगर पालिका के निरीक्षण के दौरान बंद कराया था। इसके बावजूद दोबारा अवैध रूप से बाजार संचालित होने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कुरैशी चौक में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर कई पशु और कुछ लोग मिले। साथ ही उन वाहनों को भी बरामद किया गया, जिनके माध्यम से पशुओं को यहां लाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए छह नवंबर को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल की ओर से 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया।

एसडीएम ने बताया कि रामनगर में पशुओं को लाने के लिए भतरौजखान, अल्मोड़ा, मोहान और गर्जिया चौकी से जुड़े मार्गों का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इस संबंध में पुलिस और संबंधित अधिकारियों को पशुओं के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पशुओं को लाने-ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं है, लेकिन इसके लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। बिना मेडिकल जांच और आवश्यक अनुमति के पशुओं का परिवहन नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने बताया कि रामनगर के सीओ और कोतवाली प्रभारी को भी इस संबंध में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भतरौजखान, मोहान और गर्जिया से आने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही संबंधित अधिकारियों से पत्राचार और दूरभाष के माध्यम से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पशुओं की अवैध तस्करी और नियमों के विरुद्ध परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब अवैध पशु बाजार के संचालन और पशुओं के परिवहन में नियमों के उल्लंघन को लेकर निगरानी और सख्त किए जाने की तैयारी है।

गोपाल सिंह चौहान,
एसडीएम
रामनगर

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.