November 12, 2026

कैंची धाम के पास 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, चार घायल

SDRF

भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर कैंची धाम के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निगलाट के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12:45 बजे डायल 112 पर निगलाट कैंची धाम के पास एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। सर्च अभियान के दौरान यूपी नंबर (UP25EJ-4586) की कार गहरी खाई में नदी के पास गिरी मिली। वाहन में पांच लोग सवार थे।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांचों युवकों को खाई से बाहर निकाला। हालांकि, इनमें संदीप शर्मा निवासी मनकापुर, थाना भुता, बरेली की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

हादसे में अनुज तिवारी (29) निवासी शेखपुर, थाना भुता, बरेली, सनी (23), रवि और संचित तिवारी (26) निवासी बरेली घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। बताया गया कि हादसे के समय अनुज कार चला रहा था।

कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, कांस्टेबल तारा कंबोज, हरीश बिष्ट, महेश गोस्वामी और होमगार्ड राजेंद्र बिष्ट शामिल रहे।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.