November 18, 2026

उत्तराखंड में जनगणना-2027 की स्व-गणना शुरू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरी पहली जानकारी

Uttarakhand

उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सबसे पहले स्व-गणना कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्व-गणना की। जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और रेखा आर्य ने भी इस प्रक्रिया में भागीदारी की।

इस अवसर पर आमजन को जनगणना के प्रति जागरूक करने और स्व-गणना प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से एलईडी प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस दौरान निदेशालय के संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक परवीन कुमार, आरके बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार भी मौजूद रहे।

जनगणना कार्य निदेशालय के अनुसार प्रदेशवासियों के लिए स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इस सुविधा के माध्यम से लोग अपनी सुविधानुसार घर बैठे जनगणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

निदेशालय ने स्व-गणना करने वाले परिवारों से अपील की है कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखें। एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक घरों में पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।

वहीं, निर्धारित अवधि में स्व-गणना नहीं करने वाले परिवारों की जानकारी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएगी।

जनगणना-2027 को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया बताते हुए निदेशालय ने प्रदेशवासियों से निर्धारित 15 दिनों के भीतर स्व-गणना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही प्रगणकों के घर पहुंचने पर उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.