उत्तरकाशी: डीएम प्रशांत आर्य ने एलईडी प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना प्रगणक
उत्तरकाशी: जनगणना-2027 के तहत जनपद में जनसंख्या गणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के क्रम में 16 नवंबर से स्व-गणना अभियान शुरू हो गया है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रशांत आर्य और अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी मुक्ता मिश्र ने अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान डीएम ने जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने और प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्व-गणना की सुविधा के तहत जनपदवासी अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। नागरिक भारत सरकार के जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर परिवार का विवरण स्वयं भर सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और अधिक सहभागी बनाना है।
स्व-गणना पूरी करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी मिलेगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। आगामी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच जब जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तब परिवारों को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। प्रगणक आईडी के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिससे आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
निर्धारित अवधि में स्व-गणना नहीं करने वाले परिवारों की जानकारी जनगणना प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करेंगे। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें।
प्रशासन के अनुसार, जनगणना देश की जनसंख्या और परिवारों से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सटीक और विश्वसनीय आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी।
