सीएम धामी ने जनगणना में भागीदारी करने की प्रदेशवासियों से की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना की। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज किया और प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। सीएम धामी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की योजनाएं तैयार करने में इन आंकड़ों की अहम भूमिका होगी। इससे क्षेत्रवार जरूरतों के मुताबिक विकास की प्राथमिकताएं तय करने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की सुविधा दी जा रही है, जिससे लोग खुद अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से सही जानकारी देने और घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सहयोग करने की अपील की।
पुष्कर सिंह धामी , मुख्यमंत्री।
