पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण के लिए रवाना हुए देहरादून के 28 किसान
प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से जनपद देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के 28 किसानों के दल को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संरक्षित खेती आधुनिक कृषि की महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसके माध्यम से किसान कम भूमि और नियंत्रित वातावरण में बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों के खेतों में बड़े स्तर पर पॉलीहाउस का निर्माण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को बेमौसमी सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन से जोड़ना है, ताकि फसलों को मौसम की मार से बचाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि की जा सके।
कृषि मंत्री ने कहा कि पॉलीहाउस निर्माण के लिए सरकार किसानों को आकर्षक अनुदान भी उपलब्ध करा रही है। इससे छोटे और युवा किसान आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर स्वरोजगार और आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के साथ प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने पर विशेष ध्यान दे रही है। पंतनगर विश्वविद्यालय में मिलने वाले प्रशिक्षण से किसान संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों को व्यावहारिक रूप से समझ सकेंगे और अपने खेतों में उनका उपयोग कर पाएंगे।
गणेश जोशी ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान अपनी तकनीकी जानकारी और अनुभव अन्य किसानों के साथ भी साझा करेंगे। इससे प्रदेश में आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और अधिक से अधिक किसान नई कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
