November 20, 2026

रुड़की में होटल पर पुलिस की छापेमारी, तीन महिलाओं समेत होमगार्ड हिरासत में

Hotel

शिक्षा नगरी रुड़की में देह व्यापार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और एक होमगार्ड जवान को हिरासत में लिया है। सभी को सिविल लाइन कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रुड़की रोडवेज बस स्टैंड से शताब्दी द्वार तक के क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सुबह से ही संदिग्ध महिलाओं की आवाजाही रहती है। इसके अलावा कुछ ई-रिक्शा चालकों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जिन पर ग्राहकों को महिलाओं तक पहुंचाने और होटलों तक ले जाने में मदद करने के आरोप हैं।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम सूचना मिलने पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस की टीम ने बस स्टैंड के समीप एक होटल में दबिश दी। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और उनके साथ मौजूद एक होमगार्ड जवान को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई।

गौरतलब है कि सिविल लाइन पुलिस इससे पहले भी इस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला चुकी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे नेटवर्क की जांच करने के साथ होटल संचालकों और कथित तौर पर इसमें शामिल ई-रिक्शा चालकों की भूमिका की भी पड़ताल करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.