प्रेमनगर के जंगल में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंका गया।दरअसल, 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक व एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस हाथ पर बने टैटू और तस्वीरों के जरिए शिनाख्त करने में जुटी है।वहीं, एसएसपी के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को 17 नवंबर की रात घटनास्थल के पास से गुजरती एक संदिग्ध कार दिखाई दी है। पुलिस अब कार की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
जया बलूनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण।
