November 20, 2026

देहरादून: नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम तेज, एसपी सिटी बोले- ‘मेरी शुरुआत खुद से’

Drugs

प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। पुलिस अब नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ आम जनता को भी इस अभियान से जोड़ने की तैयारी में है। देहरादून के एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

एसपी सिटी ने बताया कि नशे की समस्या के मुख्य रूप से दो पहलू हैं। पहला सप्लाई साइड और दूसरा डिमांड साइड। पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इस दौरान नशीले पदार्थों की बड़ी बरामदगी के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की गई है।

उन्होंने कहा कि समय के साथ नशे के स्वरूप में भी बदलाव आया है। पहले जहां चरस और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों का प्रचलन अधिक था, वहीं अब इंजेक्शन और कैप्सूल के जरिए भी नशे का सेवन किया जा रहा है। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए नशे की मांग को कम करना बेहद जरूरी है।

‘मेरी शुरुआत खुद से’ अभियान से जुड़े लोग

इसी उद्देश्य से पुलिस ने ‘मेरी शुरुआत खुद से’ थीम पर जागरूकता अभियान शुरू किया है। एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ जागरूकता की शुरुआत अपने घर और परिवार से करें। इसके बाद अपनी गली, मोहल्ले, स्कूल और कॉलेजों तक इस संदेश को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सकता है।

गोपनीय शिकायत के लिए 1933 पर करें कॉल

एसपी सिटी ने आम लोगों से अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस और संबंधित एजेंसियों को दें। नशे से जुड़ी गोपनीय शिकायत दर्ज कराने के लिए एनसीबी की मानस हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1933 का इस्तेमाल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। जब तक समाज स्वयं जिम्मेदारी नहीं लेगा, तब तक इस समस्या पर पूरी तरह अंकुश लगाना मुश्किल होगा।

शेखर चंद्र सुयाल ,एस.पी. सिटी देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.