November 20, 2026

उत्तराखंड: 2027 चुनाव के लिए भाजपा ने तेज की महिला वोट बैंक साधने की तैयारी

Ruchi

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने महिला वोट बैंक को साधने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसके तहत भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशभर में बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। अभियान के जरिए महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करने के साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को उन तक पहुंचाने की तैयारी है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि अभियान की शुरुआत बूथ स्तर पर कमरा बैठकों से की जाएगी। इन बैठकों में महिलाओं के साथ संवाद किया जाएगा। साथ ही बूथ स्तर पर प्रबुद्ध महिलाओं की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाएगी। इस दौरान कमल मेहंदी कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण में 35 और दूसरे चरण में 35 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।

रुचि भट्ट के अनुसार, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रदेशभर में करीब एक हजार सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की योजनाओं से संबंधित पर्चे वितरित करेंगी। इसके लिए बाजारों, कॉलेजों के बाहर और मेलों जैसे सार्वजनिक स्थलों को चुना जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के बीच रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी से लंबे समय से जुड़ी अनुभवी महिला कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठकें भी की जाएंगी।

भाजपा महिला मोर्चा की इस रणनीति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

रुचि भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, महिला मोर्चा, भाजपा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.