November 20, 2026

हरिद्वार: कनखल में ओवरलोड गन्ने का ट्रक पलटा, दो कारें मलबे में दबीं, बड़ा हादसा टला

Accident

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में देर रात गन्ने से ओवरलोड एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो कारें ट्रक और गन्नों के नीचे दब गईं। इनमें एक कार पूरी तरह गन्नों के ढेर में छिप गई, जबकि दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों कारों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार हरिद्वार में रिश्तेदारी में आया हुआ था। परिवार ने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी और कहीं चला गया था। इसी दौरान गन्ने से ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और दोनों कारों पर जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक के नशे में होने का आरोप लगाया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान ट्रक के नीचे दबे गन्नों को हटवाया गया और दोनों कारों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सर्विस रोड पर यातायात सुचारू कराया गया।

एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक, हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक मौके से फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर क्षमता से अधिक गन्ना लादकर दौड़ रहे वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओवरलोडिंग के चलते ऐसे वाहन न केवल यातायात के लिए खतरा बन रहे हैं, बल्कि सड़क किनारे खड़े वाहनों और राहगीरों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रहे हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.