नैनीताल जू में बढ़ेगा वन्यजीवों का कुनबा, जल्द दिख सकती है सफेद बाघिन
नैनीताल के गोविंद बल्लभ पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान (नैनीताल जू) में वन्यजीवों की विविधता बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। आने वाले समय में पर्यटकों को यहां सफेद बाघिन के दीदार हो सकते हैं। इसके लिए पटना चिड़ियाघर के साथ वन्यजीवों के आदान-प्रदान (एनिमल एक्सचेंज) का प्रस्ताव अंतिम चरण में पहुंच गया है। दोनों चिड़ियाघरों के बीच इस संबंध में सहमति भी बन चुकी है।
प्रस्ताव के तहत नैनीताल जू की ओर से पटना चिड़ियाघर को एक काला भालू दिया जाएगा, जबकि बदले में वहां से एक मादा सफेद बाघ लाई जाएगी। नैनीताल जू के प्रभागीय वन अधिकारी आकाश गंगवार के मुताबिक, दोनों चिड़ियाघरों के बीच सहमति बनने के बाद अब प्रस्ताव को नियमानुसार केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) की तकनीकी समिति के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। समिति की मंजूरी मिलने के बाद वन्यजीवों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब तीन से छह महीने का समय लग सकता है।
देहरादून जू से भी होगा वन्यजीवों का आदान-प्रदान
नैनीताल जू में वन्यजीवों की संख्या और विविधता बढ़ाने के लिए देहरादून चिड़ियाघर के साथ भी एक अन्य प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। इसके तहत नैनीताल जू में रंग-बिरंगे विदेशी पक्षी मकाऊ लाए जाएंगे। इसके बदले नैनीताल जू की ओर से देहरादून चिड़ियाघर को चीड़ फीजेंट (Cheer Pheasant) दिए जाएंगे। डीएफओ आकाश गंगवार के अनुसार, यह प्रस्ताव भी अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
पर्यटकों को देखने को मिलेंगे नए वन्यजीव
वन्यजीवों के इस आदान-प्रदान से नैनीताल जू में वन्यजीवों की विविधता बढ़ेगी। सफेद बाघिन और मकाऊ जैसे आकर्षक वन्यजीवों के आने से पर्यटकों के लिए चिड़ियाघर का आकर्षण भी बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही, इस पहल से वन्यजीवों के वैज्ञानिक प्रबंधन, बेहतर प्रजनन व्यवस्था और आनुवंशिक विविधता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
देशभर के चिड़ियाघरों में वन्यजीवों का आदान-प्रदान केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) के दिशा-निर्देशों के तहत किया जाता है। इसके लिए संबंधित चिड़ियाघरों को वन्यजीवों की उपलब्धता, स्वास्थ्य, आवास और संरक्षण संबंधी आवश्यक जानकारियां प्रस्तुत करनी होती हैं। दोनों प्रस्तावों पर सहमति बनने के बाद अब नैनीताल जू प्रबंधन की ओर से जरूरी अनुमोदन और औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
आकाश गंगवार, डीएफओ नैनीताल
