November 20, 2026

नैनीताल: मुक्तेश्वर से शुरू हुई अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026

Nainital

उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुक्रवार को मुक्तेश्वर से शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेल आयोजनों को बढ़ावा मिल रहा है। मुक्तेश्वर जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थल से इस आयोजन की शुरुआत होना भी विशेष महत्व रखता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शासन में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल भी इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए धीराज सिंह गर्ब्याल ने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते के रूप में जोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। इस तरह के आयोजन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

10 जिलों से गुजरकर 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी रेस

उल्लेखनीय है कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। यह साइकिल रेस प्रदेश के 10 जनपदों से होकर लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। 26 नवंबर को मसूरी में रेस का समापन होगा। इस आयोजन के जरिए उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, केएमवीएन प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित एफसीआई के पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

राम सिंह कैड़ा केबिनेट मंत्री उत्तराखंड।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.