उत्तराखंड: UP सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की थी। 8 मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।
सीएम योगी का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि, संन्यास लेने के बाद पारिवारिक मुलाकातें सीमित हो गई थीं। मई में मां से हुई मुलाकात उनकी आखिरी मुलाकात साबित हुई। सावित्री देवी के निधन से उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

